Indian Railway News : हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर या फिर साथ लगते अन्य रेलवे स्टेशनों से रोजाना चंडीगढ़ की यात्रा करने वाले रेलवे के दैनिक यात्रियों के साथ बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार के बरोनी से अंबाला और अंबाला से बरोनी तक चलने ली हरिहरनाथ एक्सप्रेस को अब चंडीगढ़ तक चलाया जाएगा। वापसी में यह ट्रेन अब अंबाला की बजाए चंडीगढ़ से ही बरोनी के लिए चलाई जाएगी। रेलवे के अंबाला मंडल की ओर से इस बारे में रेलवे को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। ऐसा होने से जहां चंडीगढ़ की यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को इसका लाभ मिल पाएगा। वहीं, बिहार से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा मिल पाएगा। इसके अलावा चंडीगढ़ से उदयपुर जाने वाली चेतक एक्सप्रेस को मंजूरी मिल चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि ये दोनों ट्रेनें अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है।
ICF के स्थान पर होंगे LHB कोच
जानकारी के अनुसार हरिहरनाथ एक्सप्रेस के सभी कोच अब एलएचबी (LHB) कोच होंगे। पहले इसमें इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) के कोच लगते थे, लेकिन अब इन्हें बदल दिया जाएगा। बता दें एलएचबी कोच स्टेनलेस स्टील से बने होते हैं। अगर कभी दुर्घटना हो जाए तो इन कोचों में झटका और नुकसान ICF कोच की तुलना में कम होता है।
तैयार हुआ चेतक एक्सप्रेस का रैक
चंडीगढ़ से उदयपुर चेतक एक्सप्रेस को भी अंबाला मंडल ने प्रस्ताव में शामिल किया है। इस ट्रेन का रैक तैयार हो चुका है। रेलवे ने पहले ही इस ट्रेन का टाइम टेबल जारी किया था। ट्रेन संख्या 20990 चंडीगढ़ से हर वीरवार और रविवार सुबह 11:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 5:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।




