चंडीगढ़ : हरियाणा में मानसून के सक्रिय होने के बाद से ही प्रदेश भर में मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी बदलाव के चलते जहां 7 जुलाई को सिरसा जिले में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते गुरुग्राम में सबसे कम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते आज सुबह से ही प्रदेश भर में 71 फीसदी तक बारिश की संभावना है। अंबाला जिले में देर रात हुई बारिश के बाद सुबह का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा यमुनानगर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शेष 21 जिलों में मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 11 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक व हिसार में लगभग पूरे जिले में बारिश होगी। वहीं 11 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है।
इसी प्रकार से रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 10 जुलाई तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 37 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 107.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 78.5 एमएम बारिश होनी चाहिए थी।
मानसूनी हवाओं की सक्रियता की वजह से ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वही मौसम विभाग ने 9 जुलाई को हरियाणा प्रदेश के 3 जिलों यानि जींद, कैथल व कुरुक्षेत्र में बारिश होने की संभावना जताई है। 16 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम व फरीदाबाद में कहीं-कहीं बारिश होगी. 3 जिलों सिरसा, पलवल व मेवात में भी बहुत कम जगहों पर बारिश हो सकती है।




