Home » राजनीति » हरियाणा की नायब सरकार पर जमकर बरसे सुरजेवाला, बोले-गैंग्स ऑफ वासेपुर बन गया हरियाणा

हरियाणा की नायब सरकार पर जमकर बरसे सुरजेवाला, बोले-गैंग्स ऑफ वासेपुर बन गया हरियाणा

चंडीगढ़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत अधिक खराब हो चुकी है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में हुई बड़ी आपराधिक वारदातों का ब्योरा पेश करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि गीता की उपदेशस्थली हरियाणा अब माफिया और क्राइम लैंड बन गई है।

‘भगवान को भी देनी पड़ेगी जेड प्लस’

How to Get AdSense Approval for News a Portal

सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा अब गैंग ऑफ वासेपुर बन चुका है और इसके लिए सीधे तौर पर हरियाणा की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अगर भगवान भी धरती पर आ जाएं तो उन्हें भी जेड प्लस सिक्योरिटी देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

भाजपा या तो सत्ता छोड़े या बदमाशों पर नकेल कसे

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में भाजपा सरकार पर अपराधों को नियंत्रित नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि या तो प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करे और बदमाशों पर नकेल कसे, अन्यथा भाजपा को सत्ता छोड़ देनी चाहिए। प्रदेश के लोगों में बिगड़ी कानून व्यवस्था और लगातार बढ़ रहे अपराध की वजह से खौफ का माहौल है। व्यापारियों व राजनेताओं से ही नहीं, बल्कि आम लोगों से भी फिरौती मांगी जा रही है।

पुलिस का मनोबल गिरना स्वभाविक

कनाडा, दुबई व आस्ट्रेलिया सहित कई देशों से हरियाणा में गैंग को कंट्रोल कर रहे गैंगस्टरों के नाम बताते हुए सुरजेवाला ने कहा कि पिछले दिनों चंडीगढ़ में हुई उत्तरी भारत के राज्यों की बैठक में खुद प्रदेश सरकार ने स्वीकार किया था कि हरियाणा में 80 गैंग सक्रिय हैं। अगर सरकार सख्ती से काम करे और कड़े फैसले ले तो पुलिस को कार्रवाई करने में जरा भी देरी नहीं लगेगी। एक डीएसपी द्वारा भाजपा नेता से माफी मांगने के वायरल वीडियो को मुद्दा बनाते हुए उन्होंने कहा कि जब पुलिस अधिकारियों से ही पब्लिक प्लेटफार्म पर भाजपा नेताओं से माफी मंगवाई जाएगी तो पुलिस का मनोबल गिरना स्वभाविक है।

लगातार बढ़ रहे अपहरण के मामले

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध के अलावा अपहरण के मामले राज्य में लगातार बढ़ रहे हैं। इस साल की पहली तिमाही यानी जनवरी से मार्च की अवधि में राज्य से 4 हजार 137 लोग अगवा हुए हैं। रोजाना 45 लोग लापता हो रहे हैं। अकेले करनाल जिले से इस अवधि में 872 लोग लापता हुए हैं।

जिला वाइज आंकड़े

जनवरी-2025 से अभी तक क्राइम आंकड़े मीडिया के सामने रखते हुए सुरजेवाला ने कहा कि जींद में 38 लोगों का मर्डर इस अवधि में हुआ है। फरीदाबाद में 41, गुरुग्राम में 38, पानीपत में 25, कैथल में 21, करनाल में 20, कुरुक्षेत्र में 18, यमुनानगर में 15 तथा सिरसा में 11 लोगों का मर्डर पिछले सात माह के दौरान हो चुका है।

अभय चौटाला को धमकी मिलना गंभीर

कांग्रेस नेता ने कहा कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के साथ उनका राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन उन्हें धमकी मिलना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले इनेलो के अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी का मर्डर हो चुका है। सुरजेवाला ने कहा कि अकेले विपक्ष नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को भी धमकियां मिल रही हैं। क्राइम उनके साथ भी हो रहा है लेकिन सरकार क्राइम पर कंट्रोल नहीं कर पा रही है। इसके लिए सरकार में इच्छा शक्ति की कमी है और वह बदमाशों के दबाव में है।

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram